एटा। पं. गोविंद बल्लभ पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए क्रिकेट मैच में बालाजी क्रिकेट अकादमी ने पठान क्रिकेट अकादमी मैनपुरी को 2 विकेट से हरा दिया। मैच में शानदार प्रदर्शन करे वाले विवेक वर्मा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
स्टेडियम में आयोजित मैच में बालाजी क्रिकेट अकादमी के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। जिसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी पठान क्रिकेट अकादमी की टीम ने रमन यादव के 55, डी मिश्रा के 44 तथा निखिल के 31 व अनिकेत के 21 रनों की बदौलत 34.3 ओवर में 207 रन बनाए। पठान क्रिकेट अकादमी के 6 खिलाड़ी 10 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सके। वहीं बालाजी क्रिकेट अकादमी की ओर से मंजेश कुमार, आशीष यादव तथा शिवम विराट ने दो-दो विकेट हासिल किए। तो प्रिंस, शिवम व आकाश यादव ने एक-एक विकेट लिया।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी बालाजी क्रिकेट एकादमी की टीम ने 38.1 ओवर में 8 विकेट खोकर 209 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। जिसके चलते टीम को दो विकेट से जीत मिली। बालाजी क्रिकेट अकादमी की ओर से ओपनर बल्लेबाज विवेक वर्मा ने 73 गेंद में 7 छक्का और 9 चौकों की मदद से 91 रन की शानदार पारी खेली। इसके अलावा शिवम विराट ने 39 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। 91 रन की शानदार पारी खेलने वाले विवेक वर्मा को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।