एटा। नशीले पदार्थ रखने के मामले में फंसे एक व्यक्ति को हाईकोर्ट से जमानत मिल गई, लेकिन इसी प्रकृति के अपराध को दोबारा न करने की शर्त में वह फंस गया। उसकी जमानत को खारिज कर दिया गया है।
पिलुआ थाना पुलिस ने नीरज गुप्ता निवासी खैर रोड अशरफपुर जलालपुर जनपद अलीगढ़ को 2018 में नशीले पदार्थ रखने के जुर्म में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। 26 सितंबर 2018 को उसे उच्च न्यायालय से जमानत दी गई।
इसके बाद वह जेल से बाहर आ गया, लेकिन पिछले साल अलीगढ़ में तीन किलो चरस की तस्करी के मामले में पकड़ लिया गया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने ये कार्रवाई की थी। फिलहाल अलीगढ़ जिला कारागार में निरुद्ध है। जबकि पिलुआ वाले मामले में उसका मुकदमा विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस नरेंद्र पाल राणा की अदालत में विचाराधीन है।
यहां अभियोजन पक्ष ने उसकी जमानत निरस्त किए जाने के संबंध में प्रार्थनापत्र दिया। बताया कि उच्च न्यायालय ने जमानत दिए जाते समय शर्त रखी थी कि नीरज गुप्ता यदि फिर इसी प्रकृति के अपराध में संलिप्त होने का संदेह होते हुए भी जमानत खारिज की जा सकती है। अभियोजन पक्ष ने दलील दी कि नीरज ने इस शर्त का उल्लंघन किया है। जबकि नीरज के अधिवक्ता ने अलीगढ़ के मामले में उसके पास से कोई बरामदगी नहीं हुई है। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अदालत ने निर्णय दिया कि उच्च न्यायालय द्वारा अधिरोपित शर्त का उल्लंघन करने पर नीरज गुप्ता की जमानत निरस्त की जाती है।