नोट बंदी के बाद खराब पड़े एटीएम के दिन बहुरने लगे हैं। नई करेंसी के नोट फीड करने लिए एटीएम को अपडेट किया जा रहा है। रविवार को शहर के हाईवे स्थित पीएनबी के एटीएम से दो हजार रुपये के नए नोट निकले। इसके साथ ही रविवार को लोगों के हाथ में पांच सौ रुपये का नया नोट भी दिखाई दिया।
केंद्र सरकार ने आठ नवंबर को 500-1000 रुपये के नोट बंद कर दिए। इसके बाद नौ नवंबर से लोगों ने पुराने नोट जमा करना शुरू कर दिया। उम्मीद थी कि 11 नवंबर से एटीएम में नए नोट मिलेंगे, लेकिन एटीएम के नए नोट के हिसाब से एटीएम अपडेट नहीं होने से समस्या बरकरार रही। नए नोट आने के बाद सेंटर में खराब पड़े एटीएम के दिन बहुरने लगे हैं। हर एटीएम को नोट के हिसाब से दुरुस्त करने का काम शुरू हो चुका है। रविवार से जिले के एटीएम ने नए दो हजार के नोट उगलना शुरू कर दिए। पीएनबी के एटीएम के बाहर लोगों की कतार लगनी शुरू हो गई। लोगोें को दो-दो घंटे तक लाइन में इंतजार करना पड़ा। लोगों का कहना है परेशानी के बाद राहत मिल रही है। अब एटीएम भी दो हजार का नोट दे रहा है। रविवार को बाजार में पांच सौ रुपये के नोट की दस्तक हुई। एलडीएम एलसी पॉल ने बताया कि जिन बैंकों के एक या दो एटीएम हैं, उनको दुरुस्त कराया जा रहा है। स्टेट बैंक और केनरा बैंक के एटीएम को दुरुस्त करने के लिए टीम जल्द आ जाएगी।