सहावर-एटा। तहसील मुख्यालय पर अयोध्या मामले को लेकर जिलाधिकारी सीपी सिंह, पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने पुलिस बल के साथ कस्बे में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान शांति समिति की बैठक हुई। लोगों से शांति और सद्भाव की अपील अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने की।
अमांपुर के विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आपसी सद्भाव बेहद आवश्यक है। सभी लोग मिल जुलकर रहें और सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय का सम्मान करें। जिलाधिकारी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करना हम सब का परम कर्तव्य है। शरारती लोगों के बहकावे में न आएं। क्योंकि ऐसे लोग खुद भाग जाते हैं और समाज के अन्य लोगों को खामियाजा भुगतन पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि न्यायालय का निर्णय आने पर न कोई खुशी मनाएगा न कोई गम, निर्णय का सम्मान किया जाएगा। इस दौरान एडीएम, योगेंद्र कुमार, एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी, सीओ गवेंद्र गौतम, ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र गौर, चेयरमैन जाहिदा सुल्तान, पूर्व चेयरमैन कौशर हमीर, एसडीएम उमाशंकर, सीओ शैलेंद्र कुमार आदि रहे।
सहावर की व्यवस्था पर नजर
- 2 जोन बनाए गए।
- 7 सेक्टर बनाए गए।
- 14 संवेदनशील प्वाइंट बनाए गए
कंट्रोल रूम किया संचालित
कासगंज। अयोध्या मामले को लेकर प्रशासन ने जिले में कंट्रोल रूम बना दिया है। फैसला आने तक कंट्रोल रूम संचालित रहेगा। डीएम सीपी सिंह के निर्देश पर कलक्ट्रेट कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। दो पालियों में यहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। गुरुवार से कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। नियंत्रण कक्ष का मोबाइल नंबर 9528972258 है।
रेलवे के सुरक्षाबलों को भी किया गया सतर्क
कासगंज। गुरुवार को जिलाधिकारी सीपी सिंह एवं एसपी सुशील घुले ने रेलवे के सुरक्षाबलों के अफसरों को बुलाया। कलक्ट्रेट पर रेलवे के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्हें सतर्क किया और स्टेशन एवं ट्रेनों में निगरानी बढ़ाने को कहा। आरपीएफ प्रभारी सुजीत झा ने अधिकारियों को बताया कि प्रतिदिन सतर्कता बरती जा रही है और स्टेशन पर अभियान चला रहे हैं।
मैं मुस्लिम तू हिंदू, हैं तो दोनों इंसान
पटियाली। गनेशपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। एसडीएम शिवकुमार सिंह, सीओ गवेंद्र पाल गौतम ने लोगों से शांति की अपील की। उन्होंने लोगों को अफवाहों से सावधान रहने को कहा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि के दिखाई देने पर पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया। कार्यक्रम इबरत अली खान ने कौमी एकता पर एक रचना प्रस्तुत की। मैं मुस्लिम तू हिंदू, हैं तो दोनों इंसान। इस दौरान इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्रा, प्रधान मुस्लिम हसन, राजू प्रजापति, अफसर अली, अरविंद कुमार, बरकत खान, सीताराम, हसमत हुसैन, मुगरूल हसन, सुनील कुमार, सरबर हुसैन, रामबाबू, अनवार खां आदि मौजूद रहे।