मेडिकल कॉलेज में घायल ऑटो चालक राजीव कुमार।
- फोटो : मेडिकल कॉलेज में घायल ऑटो चालक राजीव कुमार।
एटा। थाना पिलुआ क्षेत्र में एक ऑटो चालक को कुछ लोगों ने बुकिंग के लिए बुलाया। आरोप है कि इन लोगों ने वहां बुलाकर गालियां देते हुए लाठी-डंडों से बुरी तरह से पीटा, जिससे उसके हाथ की हड्डी टूट गई।
गांव कुतुकपुर निवासी राजीव कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका ऑटो है, जिसे चलाकर वह अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। बृहस्पतिवार की सुबह गांव नवीनगर निवासी सत्यपाल का फोन आया कि हमें कहीं जाना है ऑटो लेकर आ जाओ। दूसरा ऑटो भेजने के लिए कहा तो बोले कि नहीं तुम्हारा ऑटो ही चाहिए, जल्दी आ जाओ सवारियां तैयार खड़ी हुई हैं। ऑटो लेकर जब नवीनगर के पास पहुंचे, तो इन लोगों ने उतरते ही गालियां देना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर लाठी-डंडों से पीटने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बचाने आए, तब तक इन लोगों ने डंडे से प्रहार कर उसका हाथ तोड़ दिया। सूचना पाकर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में लेकर मेडिकल कॉलेज आए, यहां उपचार चल रहा है। सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि घायल का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।