अवागढ़। थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ पांच दिन में दो बार दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर किशोरी के परिजन पर हमला कर पिता को घायल कर दिया।
थाना अवागढ़ पहुंचे व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 8 मार्च को उसकी 14 वर्षीय पुत्री खेत से चारा लेने गई थी। रास्ते में गांव के दो युवक जबरन उसको सरसों के खेत में खींचकर ले गए। यहां उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया। तभी 10 एवं 12 वर्षीय पुत्र वहां पहुंचे तो युवकों ने दोनों की पिटाई कर दी। इस घटना की शिकायत पर युवकों के परिजन ने धमकाया।
उन्होंने बताया कि बुधवार को पुत्री हैंडपंप पर पानी भरने गई थी। उसी समय दोनों युवकों ने अपने साथियों के साथ उसको जबरन खींचकर ले जाने का प्रयास किया। शोर सुनकर उसे बमुश्किल से बचाया। इस पर युवकों ने हमला कर दिया। थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।