जलेसर। क्षेत्र के गांव नगला हीरा में दिनदहाड़े रविवार को घर में घुसकर युवक पर हमला कर लूटपाट करने वाले पिता-पुत्र समेत दस लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। गांव के लोग इस घटना में पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
रविवार को पूरन प्रजापति का पुत्र प्रवेश पड़ोस की दुकान पर जा रहा था। रास्ते में गांव के नरेंद्र, उसके पुत्र पप्पू, सुक्का सहित दस लोगों ने हमला कर दिया। प्रवेश भागकर घर पहुंचा तो हमलावरों ने घर में घुसकर उसकी मारपीट कर तोड़फोड़ की। पूरन ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में अलमारी में रखे सात हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवरात लूटने का भी आरोप लगाया है।
पीड़ित पूरन ने इस मामले की सूचना पुलिस अधिकारियों को देते हुए कोतवाली में तहरीर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस घटना से गांव के लोगों में आक्रोश है। थाना प्रभारी सुधीर राघव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। संवाद