एटा। मौसम में बदलाव का सिलसिला जारी है। रविवार को दिन में आसमान में हल्के बादल छाने के बाद शाम होते ही तेज हवाएं चलने लगीं। रात में हवाओं की रफ्तार बढ़ने और आसमान में बादलों की गड़गड़ाहट से मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवाओं के कारण ठंडक बढ़ गई। वहीं, मौसम में आए बदलाव ने किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है।
जिले में दो दिन पूर्व हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को काफी नुकसान हुआ था। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने के बाद किसान मौसम साफ होने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन रविवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली। दोपहर में आसमान पर बादल छाने लगे। इसके बाद शाम को तेज हवाएं चलने से किसानों को दोबारा बारिश और ओलावृष्टि की आशंका सताने लगी। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
वर्जन-
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए किसानों से सावधानी बरतने को कहा है। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए किसानों को खुले खेतों में जाने से बचने और मौसम की स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है। -एसके सिंह, मौसम विज्ञान केंद्र प्रभारी अवागढ़