एटा। पर्यटन विभाग धार्मिक स्थलाें और मंदिरों का जीर्णोद्धार पर ध्यानदे रहा है। कस्बा निधौली कलां स्थित आर्य समाज मंदिर का विस्तार कराने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलने के साथ ही कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा अलीगंज, जलेसर और क्षेत्र के एक-एक मंदिर को भी चिह्नित किया गया है।
प्रदेश सरकार धर्म स्थलों और मंदिरों के विस्तार पर जोर दे रही है। निधौली कलां कस्बा में स्थित आर्य समाज मंदिर का विकास और विस्तार के साथ ही सौंदर्यीकरण कराने के लिए 1.21 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। इस धनराशि से भवन के साथ ही परिसर की चहारदीवारी भी कराई जाएगी, ताकि आर्य समाज से जुड़े लोगों को सुविधाएं मिल सकें। इसके साथ ही तीन और मंदिरों को चिह्नित किया गया है, जिन पर विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें सकीट रोड स्थित दुर्गा माता मंदिर, कस्बा अलीगंज स्थित बाबा दयाल गिरि मंदिर और जलेसर कस्बा स्थित दुर्गा माता मंदिर शामिल है।
जिला पर्यटन अधिकारी हेमंत शर्मा ने बताया कि आर्य समाज मंदिर का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। अन्य मंदिरों को चिह्नित कर लिया गया। इनके प्रस्ताव भेजे जाने हैं। शासन की नीतियों के अनुरूप मंदिर और धर्मस्थलों पर विकास कार्य कराए जाएंगे