एटा। सेना भर्ती के दौरान एटा सहित बाहरी जिलों के कुछ युवा सेना भर्ती गिरोह के जाल में फंस गए। इन लोगों ने आठ-आठ लाख रुपये में भर्ती का ठेका लिया। 40 लाख रुपये जमा करा लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिए। बाद में पोल खुली तो जान से मारने की धमकी दी। अदालत के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना राजा का रामपुर में कस्बा निवासी आकाश मिश्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया कि भाई अनुपम सहित कस्बे के 5, बदायूं के 6 और संभल के 3 युवक लखनऊ एएमसी सेंटर में भर्ती देखने गए थे। कमांड हॉस्पिटल के पास कर्नल की ड्रेस में सत्यपाल सिंह यादव निवासी अमेडा रोड, कसेरू खेड़ा मेरठ स्कॉर्पियो कार में मिला। उसने आश्वासन दिया कि खेल कोटे से तुम लोगों की सेना में सीधी भर्ती करा देंगे। इसके लिए तुम लोगों को आठ-आठ लाख रुपये देने होंगे। हम लोगों ने 40 लाख रुपये एकत्रित कर उसे दे दिए। दो-तीन दिन बाद मैसेज आए कि आप मेडिकल में पास हो गए हैं।
उन्होंने बताया कि कुछ दिन बाद सत्यपाल के पुत्र रजत यादव, प्रशांत यादव गाड़ी से एटा आए और कुछ कागजों पर हम लोगों के हस्ताक्षर कराकर ले गए। कुछ दिन बाद फर्जी मेरिट लिस्ट भेजी। इसमें हम लोगों के रोल नंबर थे। बाद में इस भर्ती को कैंसिल बताकर लोअर डिवीजन क्लर्क में भर्ती कराने की बात कही। डाक से नियुक्ति पत्र भिजवाए, जिसमें ज्वॉइनिंग की तारीख 23 जुलाई 2023 थी।
बाद में मेरठ बुलाकर ये ज्वॉइनिंग लेटर ले लिए और बताया कि 8 अगस्त 2023 को लखनऊ में पहुंचो, वहीं ज्वॉइनिंग लेटर मिलेंगे। हम लोग गए तो पता लगा कि न तो वहां कोई भर्ती चल रही है और न ही कोई ज्वाॅइनिंग लेटर मिला। फोन किया तो इन लोगों ने धमकाते हुए कहा कि रुपये वापस नहीं मिलेंगे। सीओ अलीगंज सुधांशु शेखर ने बताया कि अदालत के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। जांच कराई जाएगी।