एटा। पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में अपराध समीक्षा के दौरान रविवार को एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को गंभीरता को देखते हुए सख्त दिशा निर्देश जारी किए। अपराधी किस्म का व्यक्ति हो या उसने अपने शस्त्र लाइसेंस का किसी घटना में दुरुपयोग किया हो उसके शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को शीघ्र भेजे जाने के निर्देश दिए।
एसएसपी सुनील कुमार सिंह ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर थाना प्रभारियों को निर्देशि दिए कि पूर्व में चुनावों को लेकर अभियोग पंजीकृत किए गए हैं, उन पर विशेष नजर रखी जाए। स्वीकृत व्यक्तिगत शस्त्र लाइसेंसों में से शेष बचे शस्त्रों को जल्द से जल्द जमा कराएं। शस्त्र लाइसेंसधारी व्यक्तियों के कारतूसों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाए। थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर अपराधी, सक्रिय अपराधी, टॉप -10 अपराधियों की समय समय पर बीट प्रहरी एप्प में भी चेकिंग दर्ज करते रहेें। 2015 में रिपोलिंग हुए मतदान केंद्रों व मतदेय स्थलों का भ्रमण हल्का प्रभारी व बीट आरक्षी द्वारा भी कर लिया जाए।
इससे पूर्व एसएसपी ने अलीगंज सर्किल के थाना राजा का रामपुर का निरीक्षण भी किया। इस मौके पर एसडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्रा, एएसपी ओमप्रकाश सिंह, एएसपी अपराध राहुल कुमार, समस्त क्षेत्राधिकारीगण, समस्त प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष व अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।