राजकीय जिला कृषि एवं औद्योगिक विकास प्रदर्शनी पांडाल में आयोजित संगीत सम्मेलन लोग झूम उठे। बुधवार रात को ठंड के बावजूद लोगों की खासी उपस्थिति रही।
सुप्रसिद्ध बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर हेमा शर्मा और इंडियन आइडियल देव द्वारा मंच पर फिल्मी गीतों की बौछार शुरू की गई। हेमा शर्मा ने सर्वप्रथम चुटिया कलाइयां रे....., चिकनी चमेली पउआ चढाके आई......, मैं तेरी दीवानी..... एवं इंडियन आइडियल फेम देव द्वारा गुनगुनाये गये गाने दे दे प्यार दे, प्यार दे...., नायक नहीं खलनायक हूं मैं....., सावन में लग गई आग..... आदि तमाम गीतों पर दर्शकों की ढेर सारी तालियां बटोरीं। तो वहीं नोएडा से आईं प्लेबैक सिंगर रेखा तोमर ने भी तुम्हीं मेरे मंदिर, तुम्हीं मेरी पूजा..... आदि गीतों का जलवा बिखेरकर वाहवाही लूटी।
तत्पश्चात ग्वालियर, आगरा, दिल्ली, जयपुर आदि महानगरों से पधारीं सुप्रसिद्ध नृत्यांगनाएं आरजू, रिया, सोनाक्षी, अलीशा, मोनाली आदि ने डांस प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। संयोजक रवींद्र गोला एवं राजेश गुप्ता ने अतिथियों का शाल ओढ़ाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष जुगेंद्र सिंह यादव ने फीता काटकर किया। पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी ने मां सरस्वती के आगे दीप प्रज्जवलन किया। अन्य उपस्थितों में मेधावृत शास्त्री, पुष्पेंद्र यादव सदस्य जिला पंचायत, उपेंद्र सिंह पाल, युवजन सभा के जिलाध्यक्ष भूपेंद्र प्रजापति, राकेश कश्यप, शशि किशोर सक्सेना, नेत्रपाल सिंह यादव आदि प्रमुख थे।