नॉर्थ बंगाल में आयोजित इंडो-नेपाल में प्रतिभाग करते खिलाड़ी। स्रोत स्वयं
एटा। नॉर्थ बंगाल में 13 व 14 जून को आयोजित इंडो-नेपाल असिहारा कराटे चैंपियनशिप में इंद्रपुरी कसीडो के खिलाड़ी अंशुमान शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, कोच व जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है।
अंशुमान शर्मा इससे पहले भी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं। पूर्व में उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। इंद्रपुरी कसीडो क्लास के चीफ राजन सोलंकी ने बताया कि चैंपियनशिप में कुल 600 खिलाड़ियों ने भाग लिया जिनमें नेपाल के 200 तथा भारत के 400 खिलाड़ी शामिल थे। प्रतियोगिता में कसीडो के लगभग 100 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने अनुशासन, एकाग्रता व समर्पण के साथ मुकाबलों में भाग लेते हुए बेहतरीन परिणाम हासिल किए व देश, प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया। राजन सोलंकी ने कहा कि वर्तमान समय में खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं बल्कि उज्ज्वल करियर के अवसर भी प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बच्चों और युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।