मारहरा की सड़क पर मक्का की खरीद फरोख्त कर अतिक्रमण करते व्यापारी। संवाद
मारहरा। कस्बे के रेलवे स्टेशन मार्ग पर अतिक्रमण करने पर नगर पालिका ने लोगों की शिकायत पर नौ जून को तीन गल्ला व्यापारियों को नोटिस दिया था। इसके बाद भी मक्का की खरीद सड़क तिरपाल तानकर की जा रही है। नोटिस देने के दस दिन बीतने पर भी अतिक्रमण नहीं हट सका है और न पालिका प्रशासन ने नोटिस देने के बाद अतिक्रमण हटाने की सुध ली है।
कस्बे के रेलवे स्टेशन मार्ग पर गल्ला आढ़ती सड़क पर तिरपाल तानकर मक्का की खरीद कर रहे हैं। सड़क पर खरीद-फरोख्त किए जाने और सूखने को डाल दिए जाने से आवागमन बाधित हो रहा है। सुबह होते ही किसान वाहनों में मक्का लादकर रेलवे स्टेशन मार्ग पर आ जाते हैं। शाम तक खरीद करने के बाद बड़े वाहनों में उनको लोड किया जाता है। इससे सुबह से लेकर रात तक दूसरे वाहनों का गुजरना मुश्किल हो गया है। दिन में रेलवे स्टेशन मार्ग पर मक्का फैली होने से जाम में फंसने के साथ ही फिसलने पर कई लोग चोटिल हो चुके हैं। लोगों की शिकायत पर भी पालिका प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया है। शिकायत पर नोटिस देने के बाद सड़क से अतिक्रमण हटा या नहीं, कोई जानकारी नहीं ली। न हटने पर अतिक्रमण हटाने की जरूरत भी नहीं समझी इसको लेकर लोगों में नाराजगी है।
उच्चाधिकारियों से वार्ता कर उनकी अनुमति पर सड़क अतिक्रमण करने वाले गल्ला व्यापारियों पर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई से पहले व्यापारियों को एक बार पुन: नोटिस दिया जाएगा।
रामदुलारे यादव, ईओ नगर पालिका मारहरा