एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र में महिला परिचालक के साथ हुई लूट और मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से लूटे गए रुपयों में से 1450 रुपये नगद बरामद किए हैं जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
बताया गया कि कासगंज डिपो में संविदा पर कार्यरत महिला परिचालक शालू ने थाना अवागढ़ में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 27 मार्च को वह बस से कासगंज से आगरा जा रही थीं। अवागढ़ चौराहे पर एक युवक बस में चढ़ा और टिकट लेने से इनकार करते हुए अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर उसने छेड़छाड़ की। इसके बाद आरोपी ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया।
लालपुर सिकरारी के पास करीब 15 लोगों ने बस को रुकवा लिया और महिला परिचालक को नीचे खींचकर मारपीट की। आरोपियों ने टिकट मशीन, कैश बैग, मोबाइल, बस की चाबी और करीब 50 हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी दिवारी लाल उर्फ देवली निवासी नगला रुपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उसके अन्य साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।