एटा। थाना रिजोर क्षेत्र में गांव मनसुखपुर के पास बाइक लेकर खड़े वृद्ध में पीछे से दूसरी बाइक टकरा गई। जिसके चलते वृद्ध की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों को गंभीर अवस्था में आगरा रेफर किया गया है।
थाना सकीट के गांव देवी नगर चपरई सिकंदरपुर निवासी मोहम्मद इसरार ने बताया कि पिता अली मोहम्मद (60) मजदूरी करते थे। शनिवार की सुबह मनसुखपुर गांव के पास सब्जी खरीदने के लिए दुकान के पास खड़े थे। अभी पीछे से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में पिता सहित चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां चिकित्सक ने अली मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरी बाइक सवार कबार निवासी नितिन और देव व चपरई निवासी नेत्रपाल भी घायल हुए हैं। इनकी हालत को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद आगरा रेफर किया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है।