अलीगंज के नगला पड़ाव पर जाम में फंसी एंबुलेंस।
- फोटो : अलीगंज के नगला पड़ाव पर जाम में फंसी एंबुलेंस।
एटा। अलीगंज कस्बे में रविवार को एंबुलेंस नगला पड़ाव पर जाम में करीब दो घंटे फंसी रही, वो एक गर्भवती को लेकर जा रही थी। अलीगंज तहसीलदार ने खुद सड़क पर उतरकर जाम खुलवाया। तब एंबुलेंस निकल पाई।
अलीगंज कस्बे में आए दिन तिराहों और चौराहों पर जाम की स्थिति बनी रहती है। रोडवेज बस स्टैंड के सामने प्राइवेट बसें और वाहनों की वजह से अक्सर जाम लगता है। रविवार को नगला पड़ाव पर 102 एंबुलेंस जाम में फंस गई। इसका चालक सायरन बजाता रहा, लेकिन जाम इस कदर लगा था कि एंबुलेंस निकल नहीं सकी।
वहां ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवानों ने जाम को खुलवाने की जहमत नहीं उठाई। तहसीलदार संदीप कुमार पहुंचे तो एंबुलेंस को फंसा देख अपनी गाड़ी से उतरे और अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ जाम खुलवाने में जुट गए। साथ ही होमगार्ड को डांट भी लगाई।