कसबा अमांपुर क्षेत्र की सड़कें काफी जर्जर हो चुकी हैं। विभाग के मरम्मत न कराए जाने से और बदहाल होती जा रही हैं। लोगों ने सड़क मार्ग ठीक कराने की मांग उठाई।
कसबा से जनपद मुख्यालय तक आने वाले मार्ग की पिछले कई वर्षों से मरम्मत न होने से सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। कई स्थानों पर मार्ग टूट गया है। लखमीपुर बंबा से गांव करसाना तक का मार्ग खराब होने से समय लग जाता है। अमांपुर कासगंज मार्ग पर बजीरपुर से खुशकरी मोड़ तक सड़क का डामर उखड़ चुका है। इस मार्ग की लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण अमांपुर से कासगंज पहुंचने में काफी समय लग जाता है। जबकि गांव से जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं लेकिन सड़क निर्माण की किसी को चिंता नहीं है।
कसबा निवासी अजयवीर सिंह का कहना है कि मार्गों की मरम्मत न होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम बाछमई निवासी रक्षपाल सिंह का कहना है कि गांव से कसबा को जोड़ने वाला मार्ग खराब है। क्षेत्र के हरिकिशन, सुरेंद्र सिंह, श्रीकृष्ण उपाध्याय, सतेंद्र सिंह, राहुल सिंह, देवेंद्र सिंह, कमल सिंह, विजयप्रताप सोलंकी, अजयपाल सिंह, वीरेंद्र बघेल आदि ने सड़क निर्माण की मांग की।