एटा। राजकीय इंटर कॉलेज के सभी 12 शिक्षकों ने बच्चों के लिए एक अच्छी पहल शुरू की है। विद्यालय में अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करा रहे हैं। इसके लिए विद्यालय में तीन समितियां बनाई गईं हैं। प्रत्येक समिति को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई है। इस दौरान कक्षा छह से इंटर तक के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा रहा है।
अक्सर स्कूलों में देखने को मिलता है कि शिक्षक विद्यार्थियों का स्कूल का कोर्स भी पूरा नहीं करा पाते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को कोचिंग का सहारा लेना पड़ता है। ऐसे में इन विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी विद्यालय में मिल ही नहीं पाती है। शहर में संचालित जीआईसी के शिक्षकों ने अलग पहल शुरू की है। यहां कक्षा छह से इंटर तक के विद्यार्थियों को विशेष कक्षाएं लगाकर विशेष प्रशिक्षण देने का कार्य कर रहे हैं। भाषा एवं गणित के लिए कार्यशाला आयोजित कर रहे हैं। जिससे इन विषयों में कमजोर विद्यार्थियों की पकड़ मजबूत हो सके। वहीं कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को अलग से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करा रहे हैं।
कक्षावार कराई जा रही तैयारी
स्कूल में कक्षा सात के विद्यार्थियों को सैन्य स्कूल में प्रवेश के लिए तैयारी कराई जा रही है। वहीं कक्षा 6, 7 व 8 के विद्यार्थियों की अंग्रेजी पर अच्छी पकड़ के लिए निशुल्क पुस्तकें दे रहे हैं। इसी तरह कक्षा 9 व 10 के विद्यार्थियों की भी तैयारी कराई जा रही है। कक्षा 11 व 12 के विद्यार्थियों को इन दिनों पीईटी की तैयारी कराई जा रही है।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से परखते हैं क्षमता
स्कूल में खेलकूद, वाद-विवाद, भाषण, सामान्य ज्ञान व क्विज प्रतियोगिता कराकर विद्यार्थियों की क्षमता को परखने का कार्य किया जाता है। उसी के अनुसार विद्यार्थियों को चयनित कर तैयारी कराई जाती है।
शिक्षकों ने अलग से कक्षाएं संचालित कर बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने का प्रस्ताव रखा। इस पहल को धरातल पर लाया गया। तीन समितियां बनाकर सभी को दायित्व सौंपे गए हैं। इस पर विशेष कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। - क्षेत्रपाल सिंह, प्रधानाचार्य जीआईसी