कलेक्ट्रेट में जनपद स्तरीय प्रदर्शनी एवं मेले में दिव्यांगों को फूल भेंट करती पालिकाध्यक्ष सुधा
एटा। उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद स्तरीय प्रदर्शनी एवं मेले का भव्य आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सुधा गुप्ता ने की।
मुख्य अतिथि ने कहा कि विगत 9 वर्ष केवल शासन का कार्यकाल नहीं, बल्कि गरीब कल्याण, सुशासन एवं तीव्र विकास की नई पहचान है। आज उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का प्रमुख इंजन बन रहा है और एटा भी इस विकास यात्रा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पात्र नागरिक सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
चेयरमैन ने विभिन्न लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इनमें प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाएं, प्रोबेशन विभाग की कन्या सुमंगला योजना एवं बाल सेवा योजना, उज्ज्वला योजना तथा किसान सम्मान निधि योजना आदि के लाभार्थी शामिल रहे। साथ ही 10 से अधिक दिव्यांगजन को ट्राई साइकिल भी वितरित की गई। इस दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा 6 माह के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं गोद भराई का कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में दिखाया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी लालता प्रसाद शाक्य, अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, सीएमओ, एसडीएम व अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।