एटा। शौच के लिए जा रहे युवक की गमछा डालकर हत्या कर दी गई। पत्नी का आरोप है कि पुलिस ने उनकी बात नहीं सुनी और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस वजह से न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर थाना बागवाला में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना बागवाला के गांव ईशेपुर निवासी स्वार्थी देवी ने रिपोर्ट में लिखा है कि 27 अगस्त को गांव के ही सुनील, सतीश, शर्मीला, सुधीर, अवनीश, नरेंद्र, गुड्डी देवी व 2 अज्ञात लोगों ने मिलकर उसे पीटा। पति रजनीश उर्फ राजू बचाने आए तो उनके साथ भी गाली-गलौज की और विरोध पर पीटने लगे। किसी तरह गांव के लोगों ने मामला शांत कराया।
इसके बाद इन लोगों ने पति के गले में गमछे का फंदा डालकर हत्या कर दी। थाने से लेकर एसएसपी कार्यालय तक रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए चक्कर काटे मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। सीओ सिटी राजेश सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता के साथ जांच-पड़ताल की जा रही है।