प्रतियोगिता के दौरान रस्सा खींचती छात्राएं।
- फोटो : प्रतियोगिता के दौरान रस्सा खींचती छात्राएं।
एटा। राजा महेंद्र सिंह विश्वविद्यालय अलीगढ़ की विश्वविद्यालयी खेल प्रतियोगिता में रस्साकशी का आयोजन रविवार को जीटी रोड स्थित एसके डिग्री कॉलेज में किया गया। इसमें 11 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। अलीगढ़ की टीमें महिला-पुरुष वर्ग में विजेता बनीं।
कॉलेज में प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सिविल सर्विसेज फुटबॉल टीम के कोच अनूप कुमार द्विवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। जनपद अलीगढ़, एटा, कासगंज, हाथरस के महाविद्यालयों की टीमों ने आकर प्रतिभाग किया।
एसके डिग्री कॉलेज के सचिव विजय यादव ने टीमों के खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए खेल भावना के साथ खेलने को प्रेरित किया। महिला वर्ग में टीकाराम कन्या महाविद्यालय अलीगढ़ की टीम विजेता एवं श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय अलीगढ़ की टीम उपविजेता रही।
पुरुष वर्ग में श्री वार्ष्णेय महाविद्यालय अलीगढ़ विजेता एवं एसके डिग्री कॉलेज की टीम उपविजेता रही। विजेता खिलाड़ी शिमला, हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाली अंतर विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। शैलेश यादव सहित विश्वविद्यालय से नियुक्ति पर्यवेक्षक, टीमों के खेल प्रशिक्षक एवं छात्र- छात्राएं मौजूद रहे।