पुलिस की गिरफ्त में चोरी के आरोपी। संवाद
एटा। हाईवे पर चलते ट्रक से शराब की पेटियों की चोरी अलीगढ़ के गिरोह ने की थी। पुलिस ने इस गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयोग किया गया टेंपो, बाइक, तीन पेटी अंग्रेजी शराब, तीन मोबाइल फोन और 37500 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस लाइन में शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी अलीगढ़ जिले के रहने वाले हैं। पहले भी चोरी व अन्य कई मामलों में जेल जा चुके हैं। 13 नवंबर की रात लगभग 10:44 बजे एवीडीएल डिस्टिलरी अलीगढ़ से नीलम सिंह एफएल-2 सोनभद्र के लिए जा रहा ट्रक हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से दूसरे ट्रक चालक ने डिपर देकर बताया कि उसके वाहन का तिरपाल फटा हुआ है। चालक पवन कुमार ने जब ट्रक रोककर देखा तो शराब की कई पेटियां गायब थीं।
मामले में ट्रांसपोर्टर संजीव कुमार शुक्ला ने कोतवाली देहात में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद कोतवाली देहात पुलिस, स्वाट और एसओजी टीम ने गहनता के साथ जांच-पड़ताल शुरू की। हाईवे के सीसीटीवी कैमरे पा देखा गया कि चलते ट्रक के पीछे टेंपो लगाकर इन लोगों ने शराब निकाली थी।
पुलिस ने आरोपी शिवम उर्फ वासू निवासी दारापुर नगला थाना हरदुआगंज, पप्पू उर्फ चाचा निवासी रतरोई थाना गंगीरी, रोहित निवासी तालसपुर पीएसी रामघाट रोड थाना क्वार्सी और प्रशांत उर्फ चिकना निवासी पंचबिहार कॉलोनी थाना क्वार्सी जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार किया है।
एएसपी ने बताया कि अलीगढ़ हाथरस और यहां इन सभी आरोपियों पर पहले के भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, चोरी, अवैध शराब और आर्म्स एक्ट से जुड़े अपराध शामिल हैं।