मिरहची। नगर क्षेत्र के गांव बढ़ौली में तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन अलीगढ़, एटा, कासगंज सहित आसपास के दर्जनों गांवों की टीमों ने भाग लिया।
आयोजक मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र राजपूत और आयोजक देवेंद्र, ओमवीर पेंटर, राजू, डॉ. अवनीश राजपूत और हरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में 11 हजार रुपये और द्वितीय पुरस्कार के रूप में 6100 रुपये रखे गए हैं। प्रतियोगिता के लिए 300 रुपये की एंट्री फीस निर्धारित की गई है।
पहले दिन लगभग 12 टीमों के बीच मुकाबले हुए। कासगंज और अलीगढ़ की टीमों के बीच हुआ मैच विशेष रूप से रोमांचक रहा। मिरहची, श्यामपुर, नगला भूड़ जैसे आसपास के गांवों की टीमों ने भी अपने दमदार खेल का प्रदर्शन किया। आयोजन समिति के विजयपाल, साहिब सिंह, अनिल कुमार, संदीप (गोलू), मीनेश दिवाकर, राजू (दूधिया) और मनोज डीलर ने जानकारी दी कि क्वार्टर फाइनल तक के मुकाबले संपन्न हो चुके हैं। सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले बुधवार को खेले जाएंगे। इस मौके पर भाजपा नेता सियाराम, ब्लॉक प्रमुख रवि वर्मा और जिला पंचायत सदस्य बंटी राजपूत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कबड्डी ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें आगे बढ़ाने का एक बेहतरीन माध्यम है।