एटा। जिले में सर्वाधिक शस्त्र लाइसेंस अलीगंज और जैथरा क्षेत्र के लोगों के पास हैं। यहां शस्त्र रखना स्टेटस सिंबल बन चुका है। यहां लोग आवश्यकता पड़ने पर इनका खूब इस्तेमाल भी करते हैं। यही वजह है कि चुनाव के दौरान निर्वाचन आयोग को यहां संवेदन, अतिसंवेदन और अति संवेदनशील प्लस बूथ तक बनाने पड़ते हैं। अलीगंज और जैथरा क्षेत्र में सर्वाधिक संवेदनशील बूथों की संख्या से स्वत: अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां चुनाव कराना पुलिस-प्रशासन के लिए हर बार गंभीर चुनौती है।
जिले में 32 हजार 907 लोगों पर शस्त्रों के लाइसेंस हैं। इनमें एक नाली, दो नाली, पिस्टल, रिवाल्वर सहित अन्य हथियारों के लाइसेंस हैं। यदि अलीगंज विधानसभा क्षेत्र की बात की जाए तो थाना अलीगंज, थाना जैथरा, थाना नया गांव, थारा जसरथपुर और थाना राजा का रामपुर आते हैँ। इनमें अलग-अलग थाना वार शस्त्रों की गणना की जाए तो अलीगंज क्षेत्र में 2886, जैथरा में 3123, नयागांव में 927, जसरथपुर में 512 और राजा का रामपुर में 1563 लोगों सहित कुल 9011 लोगों पर शस्त्र लाइसेंस हैं। यही कारण है कि क्षेत्र में सर्वाधिक बूथों की संख्या संवेदन और अति संवेदनशील की है।
जैथरा में 252 बूथों में से 230 सामान्य एक संवेदनशील, चार अति संवेदनशील और 17 अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में हैं वहीं अलीगंज क्षेत्र में 296 बूथों में से 271 सामान्य, चार संवेदनशील, पांच अतिसंवेदनशील और 16 अति संवेदनशील प्लस की श्रेणी में हैं।
--------------------------
कहां कितने लाइसेंस
अलीगंज विधानसभा क्षेत्र:-9, 011
जलेसर विधानसभा क्षेत्र:-5,596
मारहरा विधानसभा क्षेत्र:-2,531
सदर विधानसभा क्षेत्र:-12,182
---------------------------
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर सभी शस्त्र लाइसेंस धारकों से दो दिन में अपने-अपने शस्त्रों को थानों में जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। शस्त्र जमा नहीं कराने पर लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सुनील कुमार सिंह, एसएसपी