शहर में हो रहे जलभराव और गंदगी को लेकर अमर उजाला द्वारा खबर प्रकाशित करने पर शुक्रवार को पालिका प्रशासन हरकत में दिखाई दिया। हाथी गेट पर जलभराव की समस्या को देखते हुए बिजलीघर पर जमीन में धंसी पुलिया को तुड़वाकर नई बनवाई जा रही है, वहीं नालियां बनवाने के साथ आगरा रोड पर सफाई अभियान भी चलवाया गया।
बता दें कि 29 अक्तूबर के अंक में अमर उजाला ने सड़कों पर बह रहे नालियों के गंदे पानी की समस्या उठाई थी।
खबर के बाद हरकत में आए नगर पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी ने हाथी गेट का निरीक्षण किया और जलभराव की समस्या को देखा। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि जीटी रोड पर नगरपालिका के पास बने बिजलीघर पर बनी पुलिया वर्षों पुरानी होने के कारण पूरी तरह से जमीन में धंस गई है।
इसके चलते पानी की निकासी आगे न होने के कारण पानी यहीं भर रहा है। वहीं हाथी गेट पर नालियां भी नहीं बनी है। इसके कारण भी यह समस्या आ रही है। इसी को देखते हुए पुलिया को तुड़वाकर नई बनवाया जा रहा है। साथ ही नालियों का निर्माण कराया जा रहा है। जल्द ही क्षेत्र के लोगों को जलभराव की समस्या से निजात मिलेगी।