पोस्ट आफिस की साइट न खुलने से परेशान महिला एजेंटों ने बुधवार को डाकघर एवं डाक अधीक्षक कार्यालय पर जमकर हंगामा काटा। इनका आरोप है कि विभागीय उदासीनता से जारी तकनीकी खराबी के चलते आरडी खातों में धन जमा नहीं हो पा रहा। जबकि विभाग इसका ठीकरा अभिकर्ताओं पर पिनाल्टी लगाकर फोड़ रहा है।
इतना नहीं बीते छह माह से नए खातों के लिए वांछित आवेदन कार्ड न मिलने से डाकघर में नए खाते नहीं खुल पा रहे। उपस्थित दर्जनों महिला अभिकर्ताओं ने डाक अधीक्षक से मिलकर डाकघर की एजेंट साइट को सुचारु करने एवं खाता खोलने के लिए आवेदन कार्ड उपलब्ध कराने की मांग की है।
डाक अधीक्षक द्वारा अभिकर्ताओं को शीघ्र ही व्यवस्थाओं को सुचारु करने एवं पिनाल्टी न लगने का आश्वासन देने पर मामला शांत हुआ।
ज्ञापन देने वाली अभिकर्ताओं में अनीता गुप्ता, नीलम जैन, अनीता पचौरी, रेखा पाठक, सीमा साहनी, मिथलेश देवी, शशि कुमारी, सुमन चक्रवर्ती, विनीता आदि प्रमुख थे।