जलेसर। जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने जलेसर-सिकंदराराऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब चार घंटे तक यातायात बाधित रहा। एसडीएम ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया।
गांव मुसियार निवासी 45 वर्षीय संजय कुमार बृहस्पतिवार को बाइक से किसी कार्य से सिकंदराराऊ जा रहे थे। वह थाना क्षेत्र के गांव मुड़ई के पास पहुंच थे कि दोपहर 1.15 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस दौरान चालक ट्रक को लेकर फरार हो गया। दुघर्टना की सूचना पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 1.30 बजे जाम लगा दिया।
जाम की सूचना पर पहुंचे एसडीएम राम नयन ने उन्हें समझाया, लेकिन ग्रामीणों ने उनकी बात नहीं मानी। कहना था कि दुघर्टना करने वाले ट्रक चालक पर कार्रवाई की जाए। वहीं मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाए। इस दौरान करीब चार घंटे तक जाम लगा रहा। बाद में एसडीएम ने किसान दुघर्टना बीमा दिलाने और ट्रक चालक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिस पर ग्रामीण माने और शाम करीब 5.30 बजे जाम खोला।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज
ग्रामीणों ने ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की पड़ताल की। एक ट्रक फिरोजाबाद की तरफ जाते हुए दिखा, लेकिन उसके नंबर साफ नजर नहीं आ रहे थे।
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हुई है। ग्रामीणों ने जाम लगा दिया था। उनकी मांग थी कि मुआवजा दिलाया जाए और ट्रक चालक पर कार्रवाई की जाए। उनको समझाकर जाम को खुलवाया गया। परिजनों को किसान दुघर्टना बीमा का लाभ दिलाया जाएगा। - रामनयन, एडीएम जलेसर