मिरहची। क्षेत्र के गांव रसूलपुर गढ़ौली के बाद जारथल में बुखार के प्रकोप से लोग तनाव में हैं। जारथल में बुखार के प्रकोप की खबर पर स्वास्थ्य विभाग में हलचल पैदा हो गई है। जारथल गांव में 50 से अधिक लोग बुखार से पीड़ित हैं जो आगरा और अलीगढ़ में निजी चिकित्सकों से उपचार ले रहे हैं।
नगर पंचायत क्षेत्र के गांव जारथल में लगभग सभी घर में कोई न कोई बुखार से पीड़ित है। रसूलपुर गढ़ौली में बुखार के संक्रमण से पांच लोगों की मौत होने पर जारथल के लोग संशय में हैं। बुखार आते ही लोग कोई जोखिम न लेते हुए आगरा और अलीगढ़ जांच कराते हुए उपचार ले रहे हैं। मामूली रूप से बुखार से पीड़ित लोग और उनके परिजन कतई लापरवाही नहीं कर रहे हैं।
बुखार की शिकायत पर लोग जांच कराकर चिकित्सकीय उपचार ले रहे हैं। रसूलपुर गढ़ौली में बुखार के संक्रमण के नियंत्रित होते ही जारथल में बुखार का प्रकोप फैलने पर लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। गांव की मीरा, सावित्री और नितेश ने बताया कि उन्हें पिछले 10 दिन से लगातार बुखार आ रहा है। उन्होंने एक निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराया है तब जाकर कुछ आराम मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम एक दिन आई थी और दवा बांटकर चली गई लेकिन उन दवाओं से किसी को कोई आराम नहीं मिला। गांव में बड़ी संख्या में बच्चे और बुजुर्ग बीमार हैं। स्थिति निरंतर बिगड़ती जा रही है लेकिन अभी तक गांव में दोबारा स्वास्थ्य टीम और छिड़काव आदि की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।