एटा। अमान्य विद्यालयों पर सीबीएसई ने शिकंजा कस दिया है। संबद्धीकरण का खेल खेलने वालों पर भी कार्रवाई होगी। केंद्रीय बोर्ड निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को पत्र लिखकर ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अमान्य कक्षाएं एवं अनाधिकृत प्रवेश करने वाले केंद्रीय बोर्ड के स्कूलों पर कार्रवाई की तैयारी है। सीबीएसई मान्यता बताकर अभिभावकों को गुमराह करने वाले अब विभाग के रडार पर हैं। ऐसे विद्यालयों की मान्यता निरस्त करने के साथ इनके विरुद्ध फर्जीवाड़े का आपराधिक मामला भी पंजीकृत कराया जाएगा। केंद्रीय बोर्ड ने इसकी जिम्मेदारी जिला विद्यालय निरीक्षक को सौंपी है।
जिले के कुछ विद्यालय बिना मान्यता के अनाधिकृत तरीके से बच्चों को प्रवेश देकर कक्षाओं का संचालन कर रहे हैं। जबकि इन बच्चों का पंजीकरण वे अन्य मान्य संस्थाओं में कराते हैं। ऐसा ही एक मामला अलीगंज में सामने आया। 10वीं की मान्यता न होने के बाद भी स्कूल ने प्रवेश ही नहीं कक्षाओं का संचालन भी किया लेकिन इनका संबद्धीकरण ककरावली स्थित एक स्कूल में कराया था। पीड़ित छात्र एवं अभिभावक ने संस्था के अमान्य होने की शिकायत केंद्रीय बोर्ड से की थी।
अमान्य विद्यालयों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिना जानकारी के ऐसी संस्थाओं में प्रवेश लेेने वाले छात्र-छात्राओं को भी परीक्षा से रोका जाएगा। अभिभावकों को प्रवेश से पूर्व संस्थाओं के बारे में पूरी जानकारी करनी चाहिए। ताकि उनके बच्चों का भविष्य दांव पर न लगे। विभागीय साइट पर सभी 19 मान्यता प्राप्त विद्यालय की सूची है।
-डॉ. राममोहन, सिटी कोआर्डिनेटर सीबीएसई