एटा। शहर के अंदर राष्ट्रीय राजमार्ग पर नियमों की अनदेखी हो रही है। इसे छह महीने से वन-वे करके छोड़ दिया है। सीवर लाइन पड़ने के बावजूद मरम्मत कार्य नहीं कराया जा रहा है। डीएम ने आदेश दिए थे, वो भी बेअसर हो गए। अति व्यस्त इस मार्ग पर एकल यातायात के चलते लोगों को समस्या से जूझना पड़ रहा है।
जल निगम की ओर से जुलाई माह में जीटी रोड पर गोशाला से हाथी गेट तक सीवर लाइन डालने का काम शुरू किया गया था। लाइन पड़ने के बाद अब तक सड़क की मरम्मत का काम पूरा नहीं किया गया है। वर्तमान में सड़क पर गिट्टी डालकर छोड़ दी गई है। वन-वे होने की वजह से शहर में जाम की स्थिति बनी रहती है। नवंबर माह में जिलाधिकारी अंकित अग्रवाल ने जल निगम को जल्द सड़क तैयार करने के निर्देश दिए थे, उसके बाद भी तीन माह गुजर चुके हैं और सड़क जैसी की तैसी पड़ी है।
पार्किंग स्थल बना जीटी रोड
जल निगम द्वारा जीटी रोड पर सीवर लाइन डालने के बाद यहां पर गिट्टी डाल दी गई है। जिससे दोपहिया व अन्य वाहन निकल सकें, लेकिन हाथी गेट से लेकर गोशाला तक डग्गामार व निजी वाहन स्वामियों ने इस मार्ग को पार्किंग स्थल बना लिया है जिससे अन्य वाहन भी नहीं निकल पा रहे हैं।