एटा। आगनबाड़ी भर्ती प्रक्रिया के दौरान दस-दस हजार रुपये मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र का निलंबन कर दिया गया। इसके बाद से ही विकास भवन में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। अंतरिम व्यवस्था के तहत एडीएम प्रशासन सत्यप्रकाश को अग्रिम आदेश तक सीडीओ का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।
आंगनबाड़ी भर्ती में लेन-देन के वीडियो वायरल होने के बाद शासन स्तर से हुई कार्रवाई पर विभाग की चिंताएं बढ़ा दी हैं। अब इस मामले में जुड़े प्रत्येक अधिकारी व कर्मचारी से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। दस्तावेज को सुरक्षित कर उन्हें जांच के दायरे में लाया जा सकता है। आंगनबाड़ी भर्ती मामले में अहम भूमिका निभाने वाले जिला कोऑर्डिनेटर संजीव पचौरी पिछले दो दिनों से कार्यालय नहीं पहुंचे।
उनके मोबाइल फोन पर लगातार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन कॉल रिसीव न होने से उनकी गुमशुदगी चर्चा का विषय बनी हुई है। कार्यालय के कर्मचारियों का कहना है कि पचौरी की अचानक गैरहाजिरी कई सवाल खड़े कर रही है। निलंबन के बाद सीडीओ डॉ. नागेंद्र नारायण मिश्र ने कहा कि वीडियो काे काट-छांट के प्रसारित किया गया है। कहा कि शिकायत मिलने पर जानकारी की जा रही थी इसी दौरान वीडियो बनाई गई।