प्रिंटिस गर्ल्स कॉलेज में गुब्बारों और झंडियों से सजाया गया बूथ ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। आदर्श, दिव्यांगजन और सखी बूथ शनिवार शाम तक सजाकर तैयार कर लिए गए। इसके साथ ही सजे-धजे बूथ मतदाताओं को लुभाने के लिए तैयार हो गए। जिले में कुल 105 बूथों को आदर्श बूथ बनाया गया है। वहीं शहर में दो सखी और 8 दिव्यांगजन बूथ तैयार किए गए हैं। गांधी मार्केट स्थित प्रिंटिस गर्ल्स इंटर कॉलेज में सभी आठ दिव्यागंजन बूथ बनाए गए हैं। यहां पर शनिवार को शाम तक सजावट के साथ साफ-सफाई का काम चला।
दिव्यांग मतदाताओं को मतदेय स्थल तक पहुंचने के लिए रैंप के साथ व्हीलचेयर का बंदोबस्त किया गया है। वहीं उनके बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। रैंप पर रेड कारपेट बिछाई गई है जिससे बूथ आकर्षक नजर आ रहा था। वहीं रंग-बिरंगे गुब्बारों से बूथ को सजाया गया है। उधर, विकासखंड मारहरा की ग्राम पंचायत गिरौरा में बने पंचायत घर पर आदर्श बूथ तैयार किया गया। यहां पर रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ बूथ को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। दिव्यांग रैंप और दीवारों पर रिबन लगाए गए हैं। बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था के साथ जगह-जगह डस्टबिन रखवाए गए हैं।
परेशान रहीं पोलिंग पार्टी
प्रशासन के दावों के इतर शहर में सखी बूथ पर पोलिंग पार्टी पहुंचने के बाद अव्यवस्थाओं का माहौल दिखा। निधौली रोड स्थित माया देवी रामचंद्र आर्य कन्या जूनियर हाईस्कूल में शाम तक कोई व्यवस्था नहीं की गई। यहां पर कोई सजावट भी नहीं थी। यहां तक पोलिंग पार्टियों के आने के बाद भी साफ-सफाई नहीं कराई गई। अर्धसैनिक बल पीने के पानी के साथ साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर काफी असंतुष्ट नजर आए। यहां तक उनके रुकने के लिए गद्दों की व्यवस्था भी नहीं थी।