बागवाला कोतवाली में निरीक्षण के दौरान मौजूद पुलिस महानिरीक्षक पीयूष मोर्डिया साथ में एसएसपी सु?
- फोटो : ETAH
एटा। पुलिस महानिरीक्षक अलीगढ़ की ओर से शुक्रवार को जिले का वार्षिक निरीक्षण किया गया। आईजी ने अवैध धंधा होते मिलने पर थानाध्यक्षों के खिलाफ कार्रवाई करने और व्यक्तिगत आचरण उच्चकोटि का रखने के निर्देश दिए। पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में आईजी अलीगढ़ पीयूष मोर्डिया ने कहा कि थानाध्यक्ष सुनिश्चित कर लें कि गैर प्रांत की अवैध शराब की बिक्री, जुआ-सट्टा पर रोक लगाना बेहद जरूरी है। अवैध धंधे किसी भी थाना क्षेत्र में होते मिलें तो अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा और थाना प्रभारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। आईजी की ओर से तीन बिंदुओं को गिनाते हुए कहा कि घटनास्थल पर थानाध्यक्ष तत्काल पहुंचे, वादी से दुर्व्यवहार कदापि न करें और थानाध्यक्षों को व्यक्तिगत आचरण उच्चकोटि के रखने होंगे।
इससे पहले पुलिस लाइन पहुंचकर सलामी ली और परेड का निरीक्षण किया। बैरिकों में साफ-सफाई पर ध्यान देने तथा पुलिस लाइन के अनुशासन रजिस्टर, निलंबन रजिस्टर को व्यवस्थित रखने को कहा। बैठक में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के दृष्टिगत अधिकारियों को निर्देश दिए। आईजी ने कहा कि अपहरण होने पर अपहृत की बरामदगी तत्काल की जाए। विवेचनाओं को लंबित न रखें, 72 घंटे के अंदर निस्तारण किया जाए। आईजी ने थाना बागवाला और थाना मलावन पहुंच कर, थाने का निरीक्षण किया। इस दौरान थाने की साफ-सफाई एवं कंप्यूटर उपकरणों के रखरखाव आदि देखा। इस दौरान एसएसपी सुनील कुमार सिंह, एएसपी ओपी सिंह, एएसपी राहुल कुमार मौजूद रहे।