जाम की समस्या का कारण बने डग्गामार वाहन व अतिक्रमणकारियों पर शुक्रवार को यातायात पुलिस का ‘डंडा’ फिर चला। जीटी रोड पर वाहन खड़े कर सवारी भरने वाले 12 से ज्यादा डग्गामार वाहनों के चालान काटे। वहीं जीटी रोड पर निजी वाहन खड़ा कर जाने वालों को भी पुलिस ने भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी। साथ ही बस स्टैंड से तहसील परिसर तक अतिक्रमण कर रहे हथठेला वालों को भी खदेड़ दिया।
शुक्रवार को जीटी रोड का नजरा बदला-बदला नजर आया। यातायात का दबाव जरूर दिखा, लेकिन और दिनों की अपेक्षा लोगों को जाम की समस्या से दो-चार नहीं होना पड़ा। बता दें कि जीटी रोड पर नासूर बन चुकी जाम की समस्या लोगों को काफी आहत कर रही है। लोगों की मानें तो जाम की समस्या का कारण डग्गामार वाहन व अतिक्रमणकारी हैं। शुक्रवार को पुलिस प्रशासन ने सुबह ही जीटी रोड से सबसे पहले हथठेलों को हटाया। इसके बाद जीटी रोड पर अतिक्रमण कर रहे वाहन चालकों पर कार्रवाई की।
बता दें कि शहर के बीचों बीच बने प्राइवेट बस स्टैंड भी जाम की समस्या को बढ़ाते हैं। बीच रोड से इनके द्वारा सवारी भर लेने से रोड पर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लग जाती हैं। इनकी देखादेखी रोडवेज बस चालक भी रोड से सवारी भरने का काम करने लगते हैं। कई बार इस समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने बैठकें कीं, लेकिन उनका नतीजा आज तक नहीं निकला है।
बस स्टैंड पर जाम न लगने को किए इंतजाम
अलीगढ़ व कासगंज की ओर से आगरा जाने वालों को अब माया पैलेस चौराहे से गुजरना पड़ेगा। बस स्टैंड के निकट आगरा रोड से आगरा के लिए जाने वाला तिराहा पुलिस प्रशासन से बंद कर दिया है। दरअसल इस तिराहे की वजह से बस स्टैंड पर हर समय जाम की स्थिति बनी रहती थी। रोडवेज बसें भी अब सीधा आगरा की ओर मुड़ने की बजाय पहले बस स्टैंड जाएंगी। इसके बाद वे आगरा की ओर रुख करेंगी। कासगंज की ओर जाने वाली प्राइवेट बसों को भी तिराहे पर नहीं खड़ा होने दिया जाएगा।
कोतवाली के सामने खड़े जब्त वाहन भी लगवाते जाम
कोतवाली नगर पुलिस अपने द्वारा जब्त किए हुए वाहनों को जगह के अभाव में जीटी रोड के सहारे खड़ा कर देती है। इसके चलते शिकोहाबाद रोड तिराहे से लेकर घंटाघर चौराहे तक जाम के हालात बने रहते हैं। लोगों का मानना है कि पुलिस प्रशासन को इन वाहनों के लिए कोई और जगह चिह्नित की जानी चाहिए।
ट्रक के नीचे आया ई रिक्शा
जीटी रोड स्थित इलाहाबाद बैंक के सामने एक ई-रिक्शा ट्रक के नीचे आ गया। इससे जीटी रोड पर जाम लग गया। हालांकि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन लोग चर्चा करते देखे गए कि ई रिक्शा चालक बहुत लापरवाही से रिक्शा चलाते हैं। इनकी वजह सें शहर में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।