एटा। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चल रहे अभियान में प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। तहसील सदर प्रशासन ने देर रात ग्राम पंचायत लहरा मजरा अकोली क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध मिट्टी खनन में लिप्त तीन वाहनों को पकड़ लिया।
टीम ने मौके से एक रीपर सहित ट्रैक्टर और दो ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद कीं जो बिना किसी सक्षम अनुमति के मिट्टी खनन व परिवहन करते पाए गए। तहसीलदार सदर नीरज वार्ष्णेय मौके पर पहुंचे और वाहनों को कब्जे में लेते हुए कार्रवाई सुनिश्चित कराई। पकड़े गए तीनों वाहनों को आगे की वैधानिक प्रक्रिया के लिए थाना निधौली कलां भेज दिया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि पूरे प्रकरण में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है। डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग व राजस्व हानि पहुंचाने वाली गतिविधियों पर किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवाद