एटा। अलीगंज रोड स्थित कुसाड़ी गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने पांच और छह मार्च 2026 को हुई घटना के मामले में अदालत के आदेश पर 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित ने भाई की हत्या कर शव पेड़ से लटकाने और करीब 15 वर्षीय भतीजी को जबरन गाड़ी में डालकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी में मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुरा निवासी चंद्रपाल सहित 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि इन लोगों ने साजिश के तहत वादी के भाई की हत्या कर शव पेड़ से लटका दिया। इसके बाद उसकी नाबालिग भतीजी को रास्ते से जबरन गाड़ी में डालकर ले गए। आरोप है कि किशोरी के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की गई तथा उसके कपड़े फाड़ दिए गए।
गलत काम करने के प्रयास का भी आरोप लगाया गया है। आरोप है कि किशोरी को अज्ञात स्थान पर ले जाकर कमरे में बंद कर दिया गया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। सीओ सिटी कीर्तिका सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश के बाद कोतवाली देहात पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपों की जांच शुरू कर दी है।