एटा। थाना जलेसर क्षेत्र के गांव नगला दयाराम के पास शुक्रवार की देररात खेत से लौटते समय एक युवक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, बृहस्पतिवार की देररात थाना रिजोर क्षेत्र में हुई कारों की टक्कर में घायल एक और युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
परिजनों ने बताया कि नगला दयाराम निवासी मोहित कुमार (21) पुत्र योगेंद्र पाल सिंह शुक्रवार को करीब आठ बजे खेत से लौट रहा था। इसी बीच वह एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचकर परिजन घायल मोहित को सीएचसी जलेसर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर पुलिस को देखकर परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
वहीं थाना रिजोर शिकोहाबाद रोड स्थित गांव बाकलपुर के पास बृहस्पतिवार की देररात करीब नौ बजे दो कारों की भिड़ंत हो गई थी। इसमें घायल सुरेंद्र सिंह (33) पुत्र लालाराम निवासी रेवाड़ी थाना सकीट की इलाज के दौरान शुक्रवार की रात मौत हो गई। परिजन शव को जिला अस्पताल ले आए।
यहां पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। बता दें कि हादसे में आठ लोग घायल हो गए थे। इनमें सत्यराम की बृहस्पतिवार को ही मौत हो गई थी जब कि सुरेंद्र की शुक्रवार को मौत हो गई। घायलों में महेश, दीनदयाल और पुष्पेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और आगरा में इलाज चल रहा है। जब कि दूसरी कार सवार विवेक गुप्ता, अतुल गुप्ता और सुधीर कुमार का इलाज कानपुर में कराने के लिए परिजन आगरा से रेफर करा ले गए हैं।
हादसे में मिस्त्री की मौत
अलीगंज। ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रेशर ठीक करते समय ट्राली गिरने से मिस्त्री की मौेके पर मौत हो गई। पुलिस ने शव को ट्राली से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया है। ग्राम भरापुरा निवासी 25 वर्षीय गुुरदीप पुत्र जगदीश कश्यप की डाकबंगला के पास मिस्त्री की दुकान है।
दोपहर लगभग एक बजे किसी ग्राहक की ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रेशर ठीक कर रहा था। इसी दौरान गुरदीप के ऊपर ट्रॉली गिर गई, जिसमें वह दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया शव को ट्रॉली से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम करने के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।