कासगंज। कासगंज-सिकंद्राराऊ मार्ग पर ग्राम नगला डुकरियों के समीप एक कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। जिससे एक की मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गढ़िया हाथरस निवासी अनिल (20) पुत्र छोटेलाल अपने दो अन्य साथी सुनील एवं पुष्पेंद्र के साथ अपनी बहन प्रीती की ननद की शादी में शामिल होने सहावर के गांव नौपती आया हुआ था। दावत के बाद वह रविवार को वहीं रुक गया। सोमवार की सुबह लगभग 7 बजे अनिल अपने दोनों साथियों के साथ बाइक से घर वापस जा रहा था।
तभी ग्राम नगला डुकरिया के समीप सामने से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे अनिल की मौत हो गई। हादसे की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं मृतक अनिल व घायलों के परिजनों को सूचना दी गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।