एटा। क्षेत्र के गांव महाराजपुर में रविवार को मिट्टी लेने गई महिला के ऊपर ढाय गिर गई। इसमें वह दब गई। इस दौरान उसके बच्चे बाल-बाल बच गए। बच्चों की चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। एक घंटे की मशक्कत के बाद महिला को किसी तरह बाहर निकाला जा सका। इसके बाद परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना पिलुआ क्षेत्र के गांव महाराजपुर निवासी रामश्री (35) पत्नी नेमसिंह रविवार की सुबह नौ बजे बच्चों को साथ लेकर खेतों पर पहुंची। यहां पर महिला मिट्टी खोदने के लिए गड्ढे में घुस गई, मिट्टी खोदने के दौरान अचानक ढाय गिर गई और महिला उसमें दब गई। मिट्टी की ढाय में मां को दबने के बाद बच्चे चीखने लगे।
चीख पुकार सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो महिला के दबे होने की बात पता चली। ग्रामीणों ने महिला को मिट्टी हटाना शुरू कर दिया और एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाल पाए। गंभीर हालत में महिला को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया है कि महिला का पति खेती करता है और तीन बच्चे हैं। सबसे छोटा बेटा पांच वर्ष का है। वह हादसे के समय अपनी मां के पास में ही था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।