एटा। गेहूं की फसल काटकर रविवार की देरशाम लौट रहे किसानों को चौपहिया वाहन ने रौंद दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, सोमवार को बाजार जाते समय बाइक सवार ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि साथी घायल हो गया। एक अन्य हादसे में दो बाइक सवार घायल हुए हैं।
थाना जैथरा क्षेत्र के गांव सर्रा के निकट गेहूं की फसल काटकर लौट रहे बिजेंद्र (23) पुत्र दाताराम, शशिकांत (25) पुत्र जमादार और नरेंद्र (26) पुत्र होतीलाल को चौपहिया वाहन ने रौंद दिया। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीण घायलों को जिला अस्पताल ले जा रहे थे, तभी बिजेंद्र और शशिकांत ने दम तोड़ दिया। नरेंद्र को जिला अस्पताल लाया गया, यहां से आगरा रेफर कर दिया।
थाना जलेसर क्षेत्र के गांव कोसमा के पास सोमवार की सुबह आठ बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार विनोद कुमार (50) पुत्र वेदप्रकाश और बृह्मजीत पुत्र पातीराम निवासी काजीपुर थाना सकरौली घायल हो गए। घायलों को अस्पताल लाया जा रहा था, तभी विनोद ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बृह्मजीत को आगरा रेफर किया गया है। थाना निधौली कलां के गांव नगला सेवा निवासी सुरजीत पुत्र अवधेश कुमार और रामू पुत्र रामसिंह बाइक से गांव झिनवार गुलाब के फूल देकर लौट रहे थे। तभी झिनवार के बाहर सोमवार सुबह करीब 11 बजे बाइकों की भिड़ंत हो गई।
हादसे में दोनों घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, यहां से आगरा रेफर कर दिया है। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं।