एटा। नोएडा के जेपी अस्पताल से इलाज कराकर लौटी बुजुर्ग महिला के वायरस की चपेट में होने की आशंका है। इसके बावजूद सीएमओ अभी तक महिला का सैंपल जांच को नहीं भेज पाए हैं। वहीं, महिला के संपर्क में रहे लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने की बात कही है।
डीएम के चालक महेश की मां की तबियत खराब होने पर उनका इलाज नोएडा के जेपी अस्पताल में कराया गया। जिस समय वह वहां भर्ती हुईं थी, उसी समय वहां कोरोना वायरस का पॉजिटिव केस मिला था। स्वास्थ्य विभाग द्वारा महिला सहित उसके परिजनों को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन में रखा है।
सीएमओ का कहना है महिला काफी बुजुर्ग हैं। उनके कूल्हे में फ्रैक्चर है। इसी के चलते उन्हें घर में क्वारंटीन किया गया है। घर से सैंपल लेने की कोई व्यवस्था नहीं है। इसके चलते इस पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महिला के साथ उनके जो परिजन नोएडा अस्पताल में रहे। उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। साथ ही यहां आने के बाद उनके जो संपर्क में आए हैं। उनका भी परीक्षण कराया जाएगा।