जेएनयू प्रकरण में एबीवीपी ने गुरुवार को शहर के माया पैलेस चौराहे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका। एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि उक्त नेता राष्ट्रदोह के आरोपी छात्रों का समर्थन कर रहे हैं।
एबीवीपी के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में एकत्रित हुए छात्रों ने शहीद पार्क से जुलूस निकाला। राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर देशद्रोह का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। इसके बाद माया पैलेस पर दोनों नेताओं का पुतला फूंका। राष्ट्रविरोधियों का साथ न देने की चेतावनी दी। नगर मंत्री हर्ष जादौन और निखिल चौधरी ने कहा कि देश के अंदर जेएनयू ही एक ऐसा विश्वविद्यालय है, जिसे केंद्र सरकार की ओर से करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। विद्यालय में छात्रों द्वारा देश विरोधी नारेबाजी करना बहुत निराशाजनक है। उन्होंने कहा कि देश का अपमान करने वालों का एबीवीपी ने हमेशा विरोध किया। पीयूष वार्ष्णेय, अमन गुप्ता ने कहा कि राहुल गांधी और दिल्ली के मुख्यमंत्री देशद्रोह के आरोपी छात्रों का साथ देकर देश का अपमान कर रहे हैं। आरोपी छात्रों का साथ देने का मतलब खुलेआम आतंक के गुरु अफजल का समर्थन करना है ।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कुशल खितौलिया, हीरा, आर्यन, केशव महेश्वरी, तन्मय, ईशू, निशु, शिखर, शिवांक, सल्यम, पिनाकिन, हिमांशू, करन गुप्ता, आदेश, यशोदा, नंदन, अंशुल आदि लोग मौजूद थे।