गुरुवार रात आधे जिले में लगातार पंद्रह घंटे बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली गुल होने का मुख्य कारण तीन स्थानों पर पेड़ गिरने से तारों का टूटना रहा। जबकि सकीट और मलावन क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक स्थानों पर इंसुलेटर बर्स्ट हुए हैं। हालांकि शुक्रवार सुबह तक विद्युत कर्मियों ने कार्य कर बिजली आपूर्ति बहाल की, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
जलेसर तहसील क्षेत्र के बेरनी और इसौली विद्युत सब स्टेशन क्षेत्र में गुरुवार शाम दो स्थानों पर पेड़ टूटकर हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने के कारण बिजली गुल हो गई। विद्युत कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर शुक्रवार सुबह बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, तब जाकर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। वहीं राजा का रामपुर में भी पेड़ टूट कर एचटी लाइन पर गिरने से गुरुवार शाम से लेकर शुक्रवार सुबह तक करीब बीस गांवों की बिजली गुल रही। विद्युत कर्मियों ने शुक्रवार सुबह लाइन जोड़कर बिजली आपूर्ति बहाल कराई। मलावन और सकीट क्षेत्र में एक दर्जन स्थानों पर इंसुलेटर बर्स्ट होने से बिजली आपूर्ति में बाधा आई। पावर निगम के इंजीनियर्स और कर्मचारियों ने समस्या के समाधान की कोशिश में जुटे रहे। पावर कारपोरेशन देहात विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता राजकुमार ने ग्रामीण क्षेत्र में शुक्रवार से बिजली आपूर्ति 14 घंटे मिलने का आश्वासन दिया है। उनका कहना है कि शुक्रवार को 12 घंटे बिजली गुल होने बात खुद स्वीकारी, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार कम से कम 15 घंटे तक बिजली गुल होने की बात कह रहे हैं।
-----------------
नगर में आठ घंटे कटौती
नगर क्षेत्र में लोकल फाल्ट और लो वोल्टेज समस्या के अलावा इमरजेंसी कटौती ने उपभोक्ताओं और रोजेदारों को परेशान कर दिया है। शुक्रवार अल-सुबह 3-5 बजे तक दो घंटे बिजली गुल रहने के अलावा दिन में दस से एक बजे तक शिकोहाबाद रोड और अलीगंज रोड पर फाल्ट होने से चार घंटे बिजली गुल रही।
----------------
एलईडी बल्ब 30 जून तक मिलेंगे
विद्युत निगम ने बिजली बचत के लिए उपभोक्ताओं को कम कीमत पर एलईडी बल्ब उपलब्ध कराएगा। इसके चलते तीस जून तक जिले के सभी विद्युत सब स्टेशन पर एलईडी बल्ब सब्सिडी पर मिलेंगे। सहायक अभियंता वीके सिंह ने बताया कि बिजली की बचत रोकने की योजना के तहत जिले के सभी विद्युत सब स्टेशन पर सब्सिडी पर एलईडी बल्ब मिलेंगे।