एटा। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र के मामले में प्रशासन लगातार शिकंजा कसता हुआ नजर आ रहा है। शुक्रवार को जांच टीम ने कस्बा राजा का रामपुर में 10 सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) पर जांच की। वहीं कस्बा स्थित डाकघर से आधार कार्ड से संबंधित दस्तावेज को जब्त कर लिया। कार्रवाई होते देख कुछ सीएससी संचालक दुकानें बंद कर चले गए।
दोपहर के समय नायब तहसीलदार अरविंद कुमार गौतम और लेखपाल रामप्यारे व टीम ने सीएससी की पड़ताल मढि़या चौराहे से की। इसके बाद सदर बाजार, सराफा मार्केट में दुकानों का निरीक्षण किया। बाद में टीम डाकघर में पहुंची। यहां से 1 जनवरी 2024 से लेकर अब तक जितने आधार अपडेट और नए बनाए गए हैं, उनके सभी दस्तावेज को जांच के लिए उठा लिया। जिसके बाद टीम कस्बा से निकल गई।
नायब तहसीलदार ने बताया कि सीएससी व फोटोस्टेट की दुकानों पर चेकिंग की गई। कहीं कुछ आपत्तिजनक सामग्री प्राप्त नहीं हुई। डाकघर में करीब 60 प्रतिशत दस्तावेज कासगंज के पटियाली क्षेत्र के मिले। सबको जांच के लिए हमने लिया है।