मृतका आरती का फाइल फोटो
एटा। गांव अमृतपुर में एक युवती ने सोमवार की रात में फंदा लगाकर जान दे दी। उसे खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। परिजन के मुताबिक युवती की शादी दो साल पहले तय हुई थी। इसके बाद वर पक्ष वाले लगातार दहेज में कार की मांग कर रहे थे। मंगेतर भी उसको मानसिक रूप से परेशान कर रहा था। इसी वजह से वह तनाव में थी।
थाना जसरथपुर क्षेत्र के गांव अमृतपुर निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग 2 वर्ष पूर्व बेटी भावना (20) की शादी उसकी बड़ी बहन अर्चना के देवर के साथ तय की थी। तबसे अब तक लगभग 6 लाख रुपये दहेज के नाम पर दे चुके हैं। इसके बाद भी ससुरालीजन कार की मांग कर रहे थे।
इतना ही नहीं मंगेतर रवि कुमार निवासी नगला देशी थाना बागवाला भी बेटी को फोन कॉल के माध्यम से दबाव बनाकर परेशान करता था। बेटी ने कई बार बताया तो इन लोगों को समझाने का प्रयास किया। यह लोग फिर भी नहीं माने और परेशान करते रहे।
सुरेंद्र सिंह ने बताया कि इसी वजह से परेशान होकर बेटी भावना ने घर के कमरे में सोमवार की देर रात दुपट्टे का फंदा लगाकर जान दे दी। इन लोगों के कारण ही लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व बड़ी बेटी अर्चना के पति टीटू ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी। मंगेतर रवि दिल्ली में गैस सिलिंडर डिलीवरी का काम करता है।
सीओ अलीगंज नितीश गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। किसी प्रकार की तहरीर नहीं मिली है। मिलती है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है।