शहर के नावल्टी रोड पर शनिवार की सायं कबाड़ के गोदाम में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी इसकी चपेट में पास में ही स्थित दो मोबाइल टावरों की के बल, जेनरेटर व एसी और ऑपेटिंग रूम आदि जल गए। स्थानीय दमकल गाड़ियां आग पर काबू नहीं पा आई तो एटा व हाथरस से भी दमकल वाहनों बुलाया गया। दहशत और अफरा-तफरी के बीच आस-पास के मकानों को खाली करा लिया गया। समाचार लिखे जाने तक आग पर काबू पाने के प्रयास जारी थे।
जिस गोदाम में आग लगी, वह जमुना प्रसाद का है और यह एक बड़े अहाते में बना हुआ है। कबाड़ गोदाम के दोनों ओर मोबाइल के टावर एवं टावरों के ऑपरेटिंग रूम बने हुए हैं। इन्हीं में से किसी एक टावर से उठी चिंगारी से कबाड़ में आग लगी और उसने विकराल रुप ले लिया। गोदाम में अधिकतर प्लास्टिक का कबाड़ था। आस-पास के लोगों ने जैसे ही आग की तेज लपटें देखी तो गोदाम स्वामी और दमकल को सूचना दी। कबाड़ में तेज ज्वलनशील प्लास्टिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। तेज आवाजों के साथ कबाड़ का सामान फट रहा था। आग की लपटें आसमान की ओर काफी ऊंचाई तक उठ रहीं थीं। काला धुएं का गुबार वातावरण में छा रहा था। मौके पर पहुंची एक दमकल का पानी खत्म हो जाने के बाद और दमकल गाड़ी बुलाई गई। नावल्टी रोड पर गहरे नाले से पानी खींच कर आग पर डाला गया, लेकिन आग तेजी से फैल रही थी। आग से वोडाफोन टावरों की एसी, केबल जल गईं, वहीं टाटा डोकोमो के मोबाइल टावर की केबल भी जल गईं। पास में खड़े वाहनों को जैसे तैसे लोगों ने हटाया। आस-पास के घरों से लोग बाहर आ गए। प्रशासन ने भी इलाके के घरों को खाली करा दिया। घटना पर एएसपी राधेमोहन भारद्वाज, सीओ एके सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। देर रात्रि तक क्षति का आकलन नहीं हो सका।