जलेसर। तहसील के अधिवक्ता संघ के वार्षिक चुनाव के लिए अध्यक्ष और सचिव पद पर दो-दो प्रत्याशी होने पर आमने-सामने की टक्कर होना तय है। उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष पद पर एकल नामांकन होने की स्थिति में निर्विरोध निर्वाचन का रास्ता साफ है।
तहसील अधिवक्ता संघ के वार्षिक चुनाव की नामांकन प्रक्रिया का मंगलवार को अंतिम दिन था। अध्यक्ष पद के लिए सुभाष बाबू और रामेश्वर यादव के नामांकन आए हैं, इनमें सीधा मुकाबला होगा। इसी तरह प्रतिष्ठापूर्ण सचिव पद के लिए दुजेंद्र यादव एवं राजीव सिंघल चुनाव मैदान में हैं। उपाध्यक्ष पद पर दयाराम यादव एवं कोषाध्यक्ष पद पर नवनीत यादव का एकल नामांकन होने पर निर्विरोध निर्वाचित होना तय है जिसकी औपचारिक घोषणा मतगणना के बाद की जाएगी।
चुनाव अधिकारी राजगोपाल यादव, रमेशपाल सिंह, विष्णुगोपाल दीक्षित, केपी सिंह यादव और शंकरपाल सिंह यादव ने चुनाव में अधिवक्ताओं से गरिमा बनाए रखने की अपील की है। नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन तहसील में अधिवक्ताओं की खासी गहमा गहमी रही। चुनाव प्रक्रिया के समय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रामनिवास यादव, सचिव गौरव जादौन, जेपी सिंह, प्रमोद कुमार राठी, कमलेश सारस्वत, सुनील दीक्षित सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।