एटा। गांव तिगरा पास सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। परिजन ने बताया कि मृतक गांव सदरपुर थाना सकीट का निवासी था। वह मंगलवार की देर शाम जैथरा थाना क्षेत्र के गांव तिगरा में बरसी की दावत खाने के लिए घर से निकला था। तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।
गांव सदरपुर थाना सकीट निवासी विवेक कुमार ने बताया कि तहेरे भाई खेतपाल (51) मंगलवार की शाम घर से तिगरा जाने के लिए निकले थे। वहां पहुंचने से कुछ दूर पहले ही अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। यह देखकर उधर से गुजर रहे राहगीरों व स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैथरा पहुंचाया।
यहां चिकित्सक ने खेतपाल को मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस ने फोन कॉल के माध्यम से परिजन को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया कि खेतपाल दो भाइयों में बड़े थे और खेती व मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद घर में मातम पसर गया है।