एटा। नगला मोती में पत्नी से कहासुनी के बाद मजदूर पति ने फंदा लगाकर जान दे दी। पल्लेदार काम करके घर लौटा तो पत्नी ने कुछ कह दिया इसी वजह से वह नाराज होकर कमरे में चला गया और फंदा लगा लिया।
अवागढ़ थाना क्षेत्र के गांव नगला मोती निवासी सतेंद्र (35) मजदूरी का काम करता था। परिजन ने पुलिस को बताया कि रोज की तरह मंगलवार की शाम को काम करने के बाद घर लौटा था। इसी बीच बातचीत के दौरान पत्नी से उसकी कहासुनी हो गई। इसके बाद वह क्षुब्ध होकर घर के अंदर चला गया और कमरे में जाकर फंदा लगा लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आया तो परिजन को चिंता हुई।
कमरे का दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो अंदर से बंद था। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो सतेंद्र अंगौछे का फंदा बनाकर लटक रहा था। यह देखकर किसी तरह दरवाजा खोला और सतेंद्र को फंदे से उतारा तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं। थाना अवागढ़ पुलिस के साथ ही फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। सीओ जलेसर ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गृह क्लेश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता लग सकेगा।